Vedant Samachar

“दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण 11 दिसंबर को, जेंडर कैंपेन “नई चेतना 4.0” थीम पर आधारित विशेष एपिसोड

Vedant samachar
2 Min Read
  • गुरुवार दोपहर 2 बजे से आकाशवाणी के समस्त केन्द्रों से सीधा प्रसारण

कोरबा/10 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन–बिहान के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनकी प्रेरक कहानियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मासिक रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का अगला एपिसोड गुरुवार, 11 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे से प्रदेश के आकाशवाणी के समस्त केन्द्रों से सीधा प्रसारित किया जाएगा। यह विशेष एपिसोड जेंडर कैंपेन “नई चेतना 4.0” की थीम पर आधारित रहेगा।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियाँ अपनी सफलता की कहानियाँ साझा करेंगी, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत होंगी।

उल्लेखनीय है कि “नई चेतना 4.0” राष्ट्रीय जेंडर अभियान के अंतर्गत लैंगिक असमानता एवं हिंसा के प्रति जागरूकता, महिलाओं व युवतियों के सुरक्षित आवागमन, घर व समुदाय में महिलाओं के आर्थिक योगदान की पहचान, घरेलू देखभाल कार्य की मान्यता एवं पुनर्वितरण, तथा संसाधनों पर महिलाओं की पहुँच व नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का कार्य किया जा रहा है।

जिले में इस अवसर पर पाँचों विकासखण्डों में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, लखपति दीदियाँ एवं महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ कार्यक्रम में भाग लेंगी। साथ ही जिले के सभी संकुल संगठनों एवं पंचायत स्तर पर भी सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की गई है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया है कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सी.एल.एफ. स्तर पर प्रसारण की व्यवस्था, दीदियों व कैडरों की सहभागिता, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विशेष अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था एवं मानक बैनर का प्रदर्शन, तथा कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

Share This Article