रायपुर ,08दिसंबर(वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं 48 घंटे बाद तापमान 2-3 डिग्री बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिसंबर की शुरुआत होते ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में गिरावट देखी गई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4-6°C, रायपुर में 12-13°C और दुर्ग में 9-11°C के आसपास दर्ज किया गया।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 7°C पहुंच गया है, जबकि मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया है और वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी हैं।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 29.6°C दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.2°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। निगम ने 12 से अधिक लोकेशन पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत मिल सके।
रायपुर नगर निगम की मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देशों के बाद सभी जोन कमिश्नरों और जोन हेल्थ अधिकारियों से रात में फील्ड में रहने और अलाव के इंतजाम की निगरानी करने को कहा गया है।



