Vedant Samachar

CG NEWS : 14.60 लाख की लूट निकली फर्जी, एटीएम कैशियर ने खुद ही रची थी पूरी कहानी,

Vedant samachar
4 Min Read

पैसे एटीएम में ही छिपाए और पुलिस को बताया लूट की कहानी

दुर्ग ,07 दिसंबर(वेदांत समाचार)। कुम्हारी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम सामने आए 14 लाख 60 हजार रुपए की लूट की कहानी फर्जी निकली। पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। प्रार्थी कैशियर ही इस मामले में आरोपी निकला। जिस घटना को लेकर देर रात तक पुलिस अफसरों की टीम नाकेबंदी से लेकर इलाके की खाक छानती रही, वह पूरी वारदात फर्जी निकली। पुलिस की कड़ी पूछताछ में खुद प्रार्थी ने ही पैसे छिपाए थे।

कैश डालने का करता है काम

प्रार्थी ने 6 दिसंबर को कु्म्हारी थाना में मामला दर्ज करवाया था कि वो हिटाची कंपनी में एटीएम में कैश डालने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम कपसदा में गोयल स्कूल के पास रात 8.30 से 9 बजे के बीच तीन युवक बाइक से आए। एक युवक ने उसे चाकू दिखाया और गाड़ी में रखे बैग से 14.60 लाख रुपए लूट ले गए। उसकी शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अपराध पंजीबद्ध किया और टीमों को तलाश में भेजा।

पूछताछ में तथ्यों को छिपाने लगा आरोपी

एटीएम कैश लोडिंग कंपनी के कर्मचारी ने लूट की झूठी कहानी गढ़ने की बात पुलिस के सामने स्वीकार किया है। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर के अनुसार शिकायत दर्ज होते ही मामला संदिग्ध लगने लगा, क्योंकि प्रार्थी हर बार पूछताछ में कुछ न कुछ जानकारी छिपाता नजर आया। पुलिस ने जब तथ्यों की पड़ताल की तो कई विरोधाभासी बातें सामने आने लगीं। जिस स्थान को प्रार्थी ने घटना स्थल बताया था, वहां आसपास किसी तरह की संदिग्ध हरकत या संघर्ष के निशान नहीं मिले। न ही स्थानीय लोगों ने ऐसी किसी घटना को देखने की पुष्टि की।

कड़ाई से पूछताछ में उगला सच

इसके बाद पुलिस ने प्रार्थी से कड़ाई से पूछताछ की। घंटों चली पूछताछ में आखिरकार उसने सच उगल दिया। आरोपी कैशियर ने स्वीकार किया कि उसने एटीएम में पैसे डालने के बजाय उसे दूसरे एटीएम परिसर में पहले से ही छिपा दिया था। फिर उसने खुद को लूट का शिकार दिखाने के लिए एक मनगढंत कहानी तैयार की। उसकी योजना थी कि जब बैंक बीमा कंपनी से क्लेम लेकर पैसा वापस पा लेगा, तब वह छुपाए हुए रुपए को आराम से हड़प लेगा।

लंबे समय से बना रहा था योजना

पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से योजना बना रहा था। लगातार फिराक में था कि कंपनी एटीएम में पैसा डालने भेजेगी तो उसे गायब कर देगा। जब उसने योजना के तहत लूट की कहानी बनाई तो पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। उसके बयान और घटनास्थल की परिस्थितियां मिलान में नहीं बैठीं और वह पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी पर अमानत में खयानत सहित अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच टीम ने आरोपी के बताए स्थान पर छिपाए गए 14.60 लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस योजना में कोई और भी शामिल था, या कर्मचारी ने अकेले ही यह कदम उठाया।

Share This Article