Vedant Samachar

कोरबा : पीडब्ल्यूडी स्कूल में फिर चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर; पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 05 दिसंबर (वेदांत समाचार)– सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी स्कूल में बीती रात एक बार फिर अज्ञात चोर ने धावा बोलकर कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के दौरान चोर की हरकतें स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हुई हैं। स्कूल प्रबंधन ने सुबह चोरी का पता लगते ही सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 3 से 4 दिसंबर की दरमियानी रात चोर स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारियों की तलाशी लेते हुए कई सामानों को पार कर दिया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि परिसर में चोरी की यह घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले भी आधा दर्जन से अधिक बार स्कूल में चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ का आरोप है कि पहले भी चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था और उसकी पहचान पुलिस ने कर ली थी, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। इसी का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।

अब एक बार फिर चोर कैमरे में कैद हुआ है। देखना होगा कि इस बार पुलिस कब तक आरोपी को गिरफ्तार कर पाती है या फिर यह मामला भी पहले की तरह लंबित रह जाएगा। पुलिस टीम का कहना है कि मामले में जांच तेज कर दी गई है।

Share This Article