Vedant Samachar

किसानों से साफ सुथरा धान लाने प्रशासन की अपील

Vedant samachar
3 Min Read

सुकमा,04 दिसंबर (वेदांत समाचार) । कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। जिले में कुल 18,641 किसानों के द्वारा 37,109.90 हेक्टेयर क्षेत्र में धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया गया है। प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों पर गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर सख्ती बरती जा रही है।

सुकमा मिलावटी व अधिक नमी वाले धान पर तुरंत सुधार

धान उपार्जन केंद्र सुकमा में 3 दिसंबर को 7 किसानों को जिसमे 6 टोकन ऑनलाइन और 1 टोकन ऑफलाइन जारी किया गया था। जाँच के दौरान एक किसान के धान में कंकड़, मिट्टी की डेली, भूसीयुक्त मिश्रण और मानक से अधिक नमी पाई गई। समिति द्वारा मौके पर ही पंखे से धान उड़वाकर भूसा, कंकड़ और मिट्टी अलग करवाई गई। धान की गुणवत्ता सुधारने के बाद ही खरीदी की गई। समिति प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी किसानों का धान उड़वाने के बाद ही स्वीकार किया जाए, ताकि अच्छी गुणवत्ता का धान ही उपार्जन केंद्रों में संग्रहित हो।

छिंदगढ़ पुराने धान की तुरंत जप्ती

विकासखंड छिंदगढ़ के रानीबहाल उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ कुल 1,801 किसानों द्वारा 4,140.29 हेक्टेयर धान विक्रय हेतु पंजीयन हुआ है। यहाँ 3 दिसंबर को 11 किसानों को टोकन जारी किए गए थे। निरीक्षण में एक किसान 120 क्विंटल का धान लेकर पहुँचा, जिसमें से 60 क्विंटल धान पुराने वर्ष का पाया गया।

विभागीय अधिकारियों ने मामले में तुरंत जप्ती की कार्रवाई की और कड़े निर्देश जारी किए।

जिला प्रशासन ने किसानों से की अपील

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल साफदृसुथरा, अच्छे किस्म का एवं निर्धारित नमी वाला धान ही खरीदी किया जाएगा। किसान धान को उड़वाकर (साफ करके) ही उपार्जन केंद्र में लाएँ। पुराने वर्ष का धान विक्रय हेतु लाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में धान खरीदी को पारदर्शी, सुचारु और गुणवत्तादृआधारित बनाने प्रशासन निरंतर निरीक्षण और मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि हर पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ सुनिश्चित हो सके।

Share This Article