Vedant Samachar

बेहतर व्यवस्था और तकनीक-आधारित खरीदी से खुश हुए किसान भरतलाल यादव

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा 02 दिसम्बर 2025/ नगर पंचायत खरौद के किसान भरतलाल यादव के लिए धान खरीदी सीजन उम्मीदों से कहीं बढ़कर साबित हुआ। जब वे अपने 29.20 क्विंटल धान के साथ खरीदी केंद्र खरौद पहुँचे, तो केंद्र की साफ-सुथरी व्यवस्था, छांव, पेयजल, बैठने की सुविधाएँ और व्यवस्थित प्रवेश मार्ग ने उनका स्वागत किया। शुरू से ही यह अनुभव उन्हें भरोसा दिला गया कि अब खरीदी प्रक्रिया सच में किसान हित में बेहतर की गई है।


धान का त्वरित नमी परीक्षण और अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से हुई पारदर्शी तुलाई ने उन्हें और अधिक संतुष्ट किया। किसान श्री यादव ने बताया कि पहले खरीदी प्रक्रिया में समय की खपत अधिक होती थी, लेकिन इस बार हर चरण तेज और सरल था। उन्होंने कहा कि इतनी पारदर्शिता और व्यवस्थाओं को देखकर उनकी मेहनत का सही मूल्य मिलने का विश्वास बढ़ा है। समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर उन्हें विशेष राहत देती है।

उनके अनुसार इस दर पर धान बिकने से खेती को आर्थिक मजबूती मिलती है और किसान परिवारों को भविष्य सुरक्षित लगता है। तुंहर टोकन मोबाइल ऐप को वे किसानों के लिए बड़ा नवाचार बताते हुए कहते हैं कि अब बिना लाइन में लगे घर बैठे टोकन निकल जाना समय और मेहनत दोनों बचाता है। उन्होंने खरीदी केंद्र में मिली सुविधाओं और सहज प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article