Vedant Samachar

सुव्यवस्थित धान खरीदी और किसान-हितैषी व्यवस्था से किसानों में बढ़ा भरोसा…

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर ,02 दिसंबर (वेदांत समाचार) । जिले में धान खरीदी की व्यवस्था अपने बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी प्रक्रियाओं के कारण किसानों के बीच भरोसे का नया माहौल बना रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता और तौल की तेज प्रक्रिया ने किसानों को अधिक सुविधा और राहत प्रदान की है। किसानों का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारू रूप से चल रही है।

ग्राम नवापारा के किसान जागेंद्र पटेल 52 क्विंटल 40 किलो धान लेकर केंद्र पहुँचे। उन्होंने बताया कि घर बैठे मोबाइल ऐप से ऑनलाइन टोकन प्राप्त होना किसानों के लिए बड़ी सुविधा है। पटेल ने बताया कि कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड ने उनकी खेती को स्थिरता और मजबूती प्रदान की है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और खेती में आधुनिक तकनीक अपनाने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

श्री पटेल ने कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुँच रहा है और टोकन से लेकर तौल तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों की जरूरतों को समझते हुए बेहतर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर रही है।

Share This Article