Vedant Samachar

भिलाई : फोम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में भीषण आग, तीन घंटे बाद काबू

Vedant samachar
1 Min Read

भिलाई,24 नवम्बर (वेदांत समाचार)। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरमुंदा स्थित एक फोम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में रविवार देर रात अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की छह टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगातार पानी और फोम की बौछारों के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया।

आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए मौके से हटाया।

फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक आशंका है कि प्लांट में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग भड़की होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article