Vedant Samachar

CG ब्रेकिंग : निर्वाचन कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, प्रधानपाठक और दो सहायक शिक्षक निलंबित

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 21 नवम्बर (वेदांत समाचार)। काम में लापरवाही बरतने वाले प्रभारी प्राचार्य एवं दो सहायक शिक्षक को डीईओ ने निलंबित कर दिया है। अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने, शराब पीकर विद्यालय आने, शाला समय में अनुपस्थित, निर्वाचन कार्य में बीएलओ की ड्यूटी लगाए जाने के बाद भी जिम्मेदारीपूर्वक कर्तव्य का निर्वहन नहीं करने संबंधी शिकायत पर बलौदाबाजार जिले में कड़ी कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड सिमगा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मोटियारीडीह में पदस्थ प्रधानपाठक उमेश कुमार वर्मा एवं सहायक शिक्षक (एलबी) संदीप कुमार साहू द्वारा मद्यपान कर शाला आने एवं शाला समय में अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह विकासखंड सिमगा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दर्रीपारा केसदा में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) मिथलेश कुमार वर्मा का निर्वाचन कार्य में बीएलओ की ड्यूटी लगाए जाने के बाद भी जिम्मेदारीपूर्वक कर्तव्य का निर्वहन नहीं किया गया।

प्रधानपाठक एवं शिक्षकों के उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 9 के विपरीत मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक उमेश कुमार वर्मा, सहायक शिक्षक (एलबी) संदीप कुमार साहू एवं मिथलेश कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल एवं पलारी नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

Share This Article