नारायणपुर ,20नवंबर (वेदांत समाचार) । प्रधानमंत्री आवास योजना आज देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक और सुरक्षित आशियाने का सपना साकार करने का माध्यम बन चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जिले के गरीब परिवारों के लिए आशियाने का बड़ा सहारा बन रही है। ओरछा (अबूझमाड) जैसे सुदुर वनांचल क्षेत्र में भी यह योजना लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ओरछा एवं ब्लाक समन्वयक के मार्गदर्शन में आवास निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किये जा रहे है।
पीएम जनमन आवास योजनाएं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के लिए शुरू की गई एक पहल है। जिसका उद्देश्य 03 साल में उन्हे सुरक्षित घर, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधांए प्रदान करना है। यह योजना उन पीवीटीजी परिवारों को कवर करती है, जो दूरस्थ क्षेत्रों में रहने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित रह गए हैं और उन्हें विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जोड़ती है। इस योजना का उद्देश्य लाभार्थियों को सुरक्षित पक्का घर उपलब्ध कराना, आवास के साथ-साथ मनरेगा के तहत दैनिक रोजगार भी उपलब्ध कराना है, स्वच्छ पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की पंहुंच में सुधार करना आदि है।
जिले के विकासखण्ड ओरछा अंतर्गत ग्राम कोहकामेटा निवासी मोड्डे बाई, पति मसिया इस योजना की लाभार्थी है, जिसके तहत् मोड्डे बाई को आवास बनाने हेतु 02 लाख रूपये स्वीकृत किया गया। मोड्डे बाई ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक कच्चे मकान में रह रही थी। इस मकान में हर मौसम की मार ने उनके जीवन को बेहद कठिन बना दिया था। वे मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रही है। लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वे कभी पक्का मकान बनवाने का सपना पूरा नहीं कर सके। मोड्डे बाई का हमेशा से सपना था कि उनका भी एक पक्का और सुरक्षित घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुकुन से रह सकें।
एक दिन उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली, जिसके तहत बेघर और कच्चे मकानों में रहने वालों को पक्के मकान दिए जा रहे थे। उन्होंने तुरंत आवेदन किया। सर्वेक्षण के बाद अधिकारियों ने उनके खाते में आवास निर्माण के लिए धनराशि स्थानांतरित कर दी गई। मोड्डे बाई ने अपने सपने को हकीकत में बदलने के लिए खुद निर्माण कार्य में योगदान दिया और मजदूरी भी की। उन्होने बताया कि पहले तो ये सब मुझे एक सपने जैसा लगता था, लेकिन अब हमारा पूरा परिवार पक्के मकान में सुरक्षित और खुशी से रह रहा है। मोड्डे बाई ने भावुक होते हुए कहा कि यह सिर्फ एक मकान नहीं है, यह मेरे सपनों और आत्मसम्मान की दीवार है इस घर ने मुझे वह सम्मान दिया है जो अब तक जीवन में नहीं मिली थी। उन्होने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके परिवार के लिए एक वरदान साबित हुई है।



