जांजगीर-चांपा,16नवंबर (वेदांत समाचार) ।घोघरा नाला क्षेत्र में शराब पीने के दौरान विवाद बढ़ने पर हुई मारपीट में रोहित महंत की हत्या करने वाले छह आरोपियों को चांपा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रार्थी प्रमोद कुर्रे ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष और उसके साथी घोघरा नाला स्थित रवि चतुर्वेदानी की किराना दुकान के पास शराब पीने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज और झगड़ा कर रहे थे। इस दौरान रोहित महंत ने सागर को गालियां दीं, जिस पर सागर ने उसे 3–4 थप्पड़ मारे। रोहित वहां से भाग गया।
कुछ देर बाद सागर कर्ष अपने साथियों नागेश्वर नायडू, अश्वनी कुमार सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ नदी किनारे मुक्तिधाम के पास बैठा था। रात करीब 9:30 बजे रोहित फिर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी बात से नाराज होकर सागर और उसके साथियों ने मिलकर रोहित पर हमला कर दिया।
नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए और सागर ने डंडे से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद सभी ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान प्रारंभिक तौर पर आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। सागर कर्ष के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी हैं—
- सागर कर्ष (27 वर्ष)
- नागेश्वर नायडू (23 वर्ष)
- अश्वनी कुमार सतनामी (24 वर्ष)
- विजय श्रीवास (25 वर्ष)
- विनय कुर्रे (29 वर्ष)
- आकाश उर्फ अज्जू साहू (25 वर्ष)
सभी निवासी घोघरा नाला, चांपा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक उपेंद्र मिश्रा, दादूरैया ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, आरक्षक वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे, जय उरांव, शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया और भूपेंद्र गोस्वामी का विशेष योगदान रहा।
चांपा पुलिस की तत्परता से हत्या के सभी आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्त में आ गए।



