जांजगीर चांपा, 14 नवंबर । जांजगीर-चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 14 नवंबर 2025 से बाल सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की। यह सप्ताह 14 से 20 नवंबर तक चलेगा, जिसके तहत जिलेभर में बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता और अधिकारों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित हुआ, जहां प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जांजगीर नैला की अध्यक्ष रेखा गढ़ेवाल, DSP कविता ठाकुर, CSP योगिताबाली खापर्डे, DSP अजाक सतरूपा तरम, श्रीमती तानिया अनुरागी पांडेय, श्रीमती संगीता पांडेय और परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम
बाल सुरक्षा सप्ताह के दौरान बच्चों को सुरक्षा, जागरूकता और उनके अधिकारों से अवगत कराने विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी:
- 14 नवंबर: उद्घाटन समारोह एवं प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान
- 15 नवंबर: स्कूलों में गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा की जानकारी
- 16 नवंबर: सार्वजनिक क्षेत्रों में मानव तस्करी, बाल विवाह व बाल श्रम पर जागरूकता
- 17 नवंबर: बच्चों का थाना/चौकी भ्रमण एवं पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी
- 18 नवंबर: बाल देखरेख संस्थानों में गुड टच-बैड टच और पॉक्सो एक्ट पर जागरूकता
- 19 नवंबर: छात्रावास/डॉरमिटरी में पौष्टिक आहार व नशे के दुष्प्रभाव की जानकारी
- 20 नवंबर: समापन समारोह, खेलकूद, निबंध, कविता और रंगोली प्रतियोगिताएँ
जिले की पुलिस द्वारा शुरू किया गया यह अभियान बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और उनके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



