दुर्ग ,13नवंबर (वेदांत समाचार) । दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के जल घर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्मचारियों ने पानी की टंकी के अंदर एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा गया।
जल घर की टंकी लगभग 30 फीट गहरी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। बताया जा रहा है कि शव कई दिनों से टंकी में फंसा हुआ था और पानी का स्तर बढ़ने पर ऊपर आ गया, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
इस जल घर से नगर निगम द्वारा शहर के हजारों घरों में प्रतिदिन पानी की आपूर्ति की जाती है। इस घटना ने जल आपूर्ति व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निगम कर्मचारियों के अनुसार, घटना से पहले पानी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी थी। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना को घोर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि जल घर में तीन दिन पुराना शव होने के बावजूद नगर निगम ने जल आपूर्ति जारी रखी, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हुआ। उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। शव पूरी तरह से सड़ी-गली अवस्था में मिला है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का मुआयना किया है। शव जल घर की मशीन के पास फंसा हुआ था। उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं नगर निगम प्रशासन ने जल आपूर्ति को अस्थायी रूप से रोक दिया है और जल घर की सफाई के निर्देश जारी किए गए हैं।



