0 थाना जांजगीर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रॉड व डंडा सहित दो बाइक जप्त।
जांजगीर चांपा,10नवंबर (वेदांत समाचार) । जांजगीर में रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर प्राणघातक हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूरे मामले में थाना जांजगीर पुलिस की तेजी और तत्परता की सराहना की जा रही है।
घटना 8 नवंबर की है, जब प्रार्थी संजोग कुमार बरेठ अपने साथी लालू उर्फ अंतराम के साथ मोटर साइकिल से घर जा रहा था। ग्राम धुरकोट स्थित बिजली ऑफिस के पास पहुंचते ही चार युवक दो मोटर साइकिल पर आए और प्रार्थी की बाइक को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथी पर रॉड और डंडे से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड, डंडा और मोटर साइकिल भी जप्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामजी रत्नाकर उर्फ बड़े गुड्डू (40), विरेन्द्र कुमार लशार उर्फ छोटू (29), नंद किशोर मार्चे उर्फ ददुवा (22) और मनोज कुमार रत्नाकर (26), सभी निवासी ग्राम धुरकोट, शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय और थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।



