कोरबा, 06 नवंबर (वेदांत समाचार)। 29 से 31 अक्टूबर तक गांधी सभा गृह म्युनिसिपल स्कूल ग्राउंड, राजनांदगांव में नर्तन फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता एवं फेस्टिवल महोत्सव “कृष्णा की-2025” में डीपीएस बाल्को की कक्षा चौथी की छात्रा योद्धा पर्वतम ने अपनी उत्कृष्ट कथक नृत्य प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
योद्धा ने अपनी नृत्य प्रतिभा और भावपूर्ण अभिव्यक्ति से मंच पर ऐसा जादू बिखेरा कि उन्हें “कृष्णा की नृत्य रत्न सम्मान” से नवाजा गया। इस उपलब्धि से कोरबा एवं बाल्को नगर का गौरव बढ़ा है।
योद्धा, अंतर्राष्ट्रीय तबला एवं कथक नृत्य गुरु मोरध्वज वैष्णव की शिष्या हैं और उनके मार्गदर्शन में उन्होंने इस प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने इससे पूर्व भी अबूधाबी, दुबई, रायपुर, बिलासपुर, भिलाई और पुणे जैसे शहरों में अपनी प्रस्तुति देकर अनेक पुरस्कार अर्जित किए हैं।

कथक नृत्य में अपनी लय, ताल और भावनाओं के सटीक समन्वय से योद्धा ने न केवल निर्णायकों को प्रभावित किया, बल्कि दर्शकों से भी भरपूर सराहना प्राप्त की।
योद्धा पर्वतम भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बाल्को) में कार्यरत पी. सतीश कुमार की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, गुरुजनों और परिजनों में खुशी का माहौल है।



