Vedant Samachar

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सख्ती, 1 नवंबर से केवल इन वाहनों को मिलेगी एंट्री…

Vedant Samachar
2 Min Read

दिल्ली,28अक्टूबर : राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक होता जा रहा है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 से पार पहुंच गया है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 1 नवंबर से दिल्ली में केवल BS-VI, CNG, LNG और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। इसके अनुसार, भारत स्टेज-4 (BS-IV) इंजन वाले कमर्शियल वाहनों को 31 अक्टूबर तक ही दिल्ली में प्रवेश की अनुमति होगी। वहीं, BS-IV निजी वाहनों की एंट्री पहले से ही बंद है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के तहत बाहरी राज्यों के BS-VI मानक से कम वाले कमर्शियल मालवाहक वाहनों की एंट्री 1 नवंबर से प्रतिबंधित कर दी जाएगी।

ट्रांसपोर्ट विभाग ने बताया कि BS-VI वाहनों में सख्त उत्सर्जन मानकों का पालन किया जाता है, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आती है। इस वजह से केवल इन्हीं वाहनों को एंट्री दी जाएगी। दिल्ली में अक्टूबर की शुरुआत से ही वायु गुणवत्ता बिगड़नी शुरू हो गई थी। 17 अक्टूबर को हुई CAQM की बैठक में प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया था।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली में रजिस्टर्ड कमर्शियल वाहनों, BS-VI डीजल, CNG, LNG और इलेक्ट्रिक वाहनों पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा। वहीं, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के विभिन्न चरणों के तहत भी सख्ती लागू की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में दिल्ली का एक्यूआई कई जगहों पर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। 20 और 21 अक्टूबर की रात को कुछ इलाकों में एक्यूआई 900 से भी अधिक दर्ज किया गया, जिससे राजधानी की हवा ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई।

Share This Article