जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां क्रिकेट खेलने के दौरान 2 बच्चे खुले सेप्टिक टैंक में गिर गए। जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक बच्चे सगे भाई हों। बच्चों की मौत से परिवार शोक में डूब गया है।
दरअसल, गोहलपुर थाना क्षेत्र के मनमोहन नगर अस्पताल परिसर में 10 और 12 साल के कान्हा विश्वकर्मा और विनायक विश्वकर्मा क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान बॉल झाड़ियों में चली गई। जिसे लेने गए बच्चे खुले सेप्टिक टैंक में डूब गए। मृतक त्रिमूर्ति नगर के गली नंबर 4 के रहने वाले थे। प्रशासनिक लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश है। बता दें कि मनमोहन नगर में सामुदायिक अस्पताल खोलकर प्रशासन ने जमकर वाहवाही बटोरी थी। लेकिन इसी जगह सेप्टिक टैंक को खुला छोड़ने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। किसी की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



