Vedant Samachar

छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क — सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था, भारी वाहनों पर प्रतिबंध

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,26 अक्टूबर वेदांत समाचार। जिले में छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख छठ घाटों का सौंदर्यीकरण एवं साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर रंग-रोगन, लाइटिंग, पेयजल, वाहन पार्किंग और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-अर्चना कर सकें।

कोरबा पुलिस ने सुरक्षा प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारी की है। प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की गई है। वहीं, बड़े घाटों पर पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां से लगातार सुरक्षा और यातायात से संबंधित दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएंगे।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों से अपील की है कि वे पूजा के दौरान सतर्कता बरतें, गहरे पानी में न जाएँ और बच्चों पर विशेष ध्यान दें। साथ ही, वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें और घाटों के मार्ग पर वाहन खड़े न करें। पुलिस ने उठाईगिरी और जेबकतरी जैसे अपराधों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।

छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक तथा दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को सुबह 3:00 बजे से 8:00 बजे तक कोरबा, बालको, दर्री, दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासनिक निर्देशों और यातायात नियमों का पालन करते हुए छठ पर्व को शांति, श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाएँ।

Share This Article