रायपुर, 22 अक्टूबर 2025। थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के भाठागांव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में दीपावली की रात क्षणिक विवाद के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी और मृतक एक ही कॉलोनी के निवासी हैं तथा आपस में परिचित भी थे।
जानकारी के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी निवासी ताहिर हुसैन अपने परिवार के साथ दीपावली के अवसर पर फटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान उसी कॉलोनी के निवासी मदन यादव और सूरज यादव वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर ताहिर हुसैन से कहासुनी करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, और दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर अपने पास रखी कैंची से ताहिर हुसैन के सीने और पेट पर हमला कर दिया। घायल ताहिर को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में मृतक की पत्नी रूखसाना परवीन की रिपोर्ट पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 438/25 धारा 103(1), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों — 31 वर्षीय मदन यादव और 23 वर्षीय सूरज यादव, दोनों पुत्र मन्नू यादव, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी भाठागांव — को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कैंची भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना पुरानी बस्ती के निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडे, सहायक उपनिरीक्षक मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक गुरुदयाल सिंह, आरक्षक भूपेंद्र मिश्रा, अजय चौधरी तथा थाना पुरानी बस्ती से उपनिरीक्षक शिशुपाल चंद्रवंशी, आरक्षक जितेंद्र साहू, सुनील शुक्ला और खिलेश्वर प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद से उपजे गुस्से ने एक युवक की जान ले ली और दो भाई अपराधी बन गए। आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।



