Vedant Samachar

कोरबा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Vedant Samachar
2 Min Read

मंत्री लखनलाल देवांगन, कलेक्टर अजीत बंसल और एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

कोरबा,21अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर कोरबा में आज “पुलिस स्मृति दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री माननीय लखन लाल देवांगन, कलेक्टर अजीत बंसल, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित जिले के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) ने जिले के 12 शहीद जवानों के नाम लेकर उन्हें सलामी दी। इसके बाद परेड दल द्वारा “शोक शस्त्र” कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानस्वरूप शाल एवं श्रीफल भेंट किए गए। इस अवसर पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने शहीद परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

हर वर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस” देशभर में उन वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश सिंह ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक (भा.पु.से.), सीएसपी कोरबा भूषण एक्का, हेडक्वार्टर डीएसपी श्रीमती प्रतिभा मरकाम, एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहीद जवानों के परिजन, मीडिया प्रतिनिधि एवं जिले के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share This Article