कांकेर। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने थाना कांकेर क्षेत्रांतर्गत ग्राम छिंदखड़क के जंगल पहाड़ी में पुलिस फोर्स एवं नक्सलियों के मध्य हुई मुठभेड़ की घटना की दण्डाधिकारी जांच का आदेश दिए हैं। जारी आदेशानुसार कांकेर थाना अंतर्गत 28 सितम्बर 2025 को ग्राम छिंदखड़क के जंगल पहाड़ी में पुलिस एवं नक्सलियों के मध्य मुठभेड़ हुई थी, जिसमें तीन अज्ञात नक्सली 02 पुरूष और 01 महिला माओवादी की मृत्यु हो गई थी।
इसकी दण्डाधिकारी जांच किये जाने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मांग अनुसार घटना की निष्पक्ष जांच, गंभीरता एवं आवश्यकता को देखते हुए अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी कांकेर अरूण कुमार वर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी को दण्डाधिकारी जांच के उपरांत निर्धारित 11 बिन्दुओं के आधार पर प्रतिवेदन तैयार कर 20 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।



