0.निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सतत जांच के निर्देश, मिलरों को एफसीआई में चावल जमा कराने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 अक्टूबर 2025। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त आवेदनों की प्रगति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने वन अधिकार पत्र, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, नक्शा बटांकन, संदिग्ध राशन कार्ड, गिरदावरी जांच, नजूल भूमि, रजत जयंती योजना तथा कलेक्टर कांफ्रेंस एजेंडा जैसे विषयों पर विभागवार समीक्षा की।
एग्रीस्टेक पंजीयन पर जोर, गांवों में मुनादी के निर्देश
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने फसल सत्यापन, गिरदावरी और एग्रीस्टेक में किसान पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार, पटवारी और कृषि विस्तार अधिकारियों को समन्वय बनाकर गांवों में मुनादी कराने, किसानों की सूची ग्राम सभा में चस्पा करने तथा दावा-आपत्ति प्राप्त करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड और निर्माण कार्यों पर सख्त निर्देश
बैठक में आयुष्मान एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाने की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों के कार्ड अब तक नहीं बने हैं, उनकी पहचान कर तत्काल कार्ड बनाए जाएं।
पीएम-श्री योजना के तहत निर्माणाधीन विद्यालय भवनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी एसडीओ और इंजीनियर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करें।
धान उठाव और कस्टम मिलिंग पर निर्देश
लगातार बारिश से संग्रहण केंद्रों में बाधित कार्यों को देखते हुए कलेक्टर ने मार्कफेड अधिकारियों को शेष धान का उठाव शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य विभाग के अधिकारियों को मिलरों से कस्टम मिलिंग कर चावल को खाद्य निगम (एफसीआई) के भंडारण केंद्रों में जमा कराने के भी निर्देश दिए।
निर्वाचन एवं अन्य विषयों पर भी हुई चर्चा
बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद नए बनाए गए मतदान केंद्रों से संबंधित निर्वाचन कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही धरती आबा योजना, नगरीय निकाय क्षेत्र में सर्वे, जल जीवन मिशन, मल्टीविलेज जल आवर्धन योजना, रजत जयंती, सांसद खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के पंजीयन जैसे विषयों पर भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने जिले के सभी नागरिकों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का उपयोग करने की अपील की।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे, एस.के. टंडन सहित जिले के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



