Vedant Samachar

रामलीला में पूनम पांडे नहीं करेंगी मंदोदरी का रोल

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली । पूनम पांडे लवकुश रामलीला में मंदोदरी का रोल नहीं निभा सकेंगी। आज लव कुश रामलीला कमेटी ने ये फैसला लिया है और इसे लेकर कमेटी ने पूनम पांडे को पत्र लिखा है। पूनम पांडे दिल्ली में होने वाली भव्य लवकुश रामलीला में मंदोदरी का किरदार निभाने वाली थीं। मंदोदरी के रोल के लिए उनका नाम फाइनल होने के बाद से ही इस फैसले का जमकर विरोध हो रहा था, आखिरकार विरोध को देखते हुए लवकुश रामलीला समिति ने आखिरकार उन्हें हटाना ही उचित समझा और इसे लेकर पूनम पांडे को पत्र लिखकर सूचित किया।

समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार और महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि पूनम पांडे ने समिति के आमंत्रण पर मंदोदरी की भूमिका निभाने की सहमति दी थी। लेकिन उनके नाम की घोषणा के बाद अनेक संस्थानों और वर्गों से आपत्तियां सामने आईं, जिससे रामलीला के उद्देश्य प्रभु श्रीराम का संदेश समाज तक पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसी वजह से गहन विचार-विमर्श के बाद समिति ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है कि इस वर्ष मंदोदरी की भूमिका किसी अन्य कलाकार से करवाई जाएगी। समिति ने पूनम पांडे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इस निर्णय को समझेंगी और क्षमा करेंगी।

Share This Article