अंबिकापुर,20 सितम्बर (वेदांत समाचार): अंबिकापुर के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अंधला में एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने मोबाइल फोन को लेकर हुई नोक-झोंक के बाद आत्महत्या कर ली। छात्रा ने गुस्से में आकर सिर के जूं मारने वाली दवा का सेवन किया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, छात्रा और उसकी बड़ी बहन के बीच रोजाना मोबाइल शेयरिंग को लेकर तनाव रहता था। जब बहन ने मोबाइल छुपा दिया, तो छात्रा गुस्से में आ गई और अकेले घर में रहते हुए जूं मारने वाली दवा की बोतल पूरी पी ली। जब परिजन घर लौटे, तो छात्रा की हालत गंभीर हो चुकी थी।
इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने तुरंत छात्रा को अंबिकापुर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, बावजूद इसके छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना गया है।



