तहसीलदार के रिपोर्ट पर दो के खिलाफ अपराध दर्ज
कोरबा,19 सितम्बर (वेदांत समाचार)। आकांक्षी जिले कोरबा में सरकारी योजनाओं पर क्रियान्वयन के साथ लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है, तो दूसरी ओर कई जगह गड़बड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं। कोरबी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है जिन्होंने सरकारी जमीन का फर्जी पट्टा बनाकर एचडीएफसी और एक्सिस बैंक से लोन ले लिया। लोन की राशि के बारे में जांच पड़ताल की जा रही है।
पोड़ी उपरोड़ा के तहसीलदार समुंद दास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर पसान थाना की कोरबी पुलिस ने बीएनएस की धारा 318-4, 338, 340(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। खबर के अनुसार पोड़ी उपरोड़ा तहसील के अंतर्गत आने वाले घुंचापुर गांव में मौजूद सरकारी जमीन के आधार पर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि हैरान करने वाली घटनाक्रम में आरोपियों ने सरकारी जमीन का फर्जी पट्टा तैयार करने के साथ बैंक से लोन प्राप्त कर लिया। उन्होंने प्राइवेट बैंक एचडीएफसी और एक्सिस बैंक की बेमेतरा व दुर्ग स्थित शाखा के जरिए यह कृत्य किया।
चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने बताया कि आरोपी अजय यादव पटईडीह पचपेढ़ी और शिवचरण ने इस पूरे मामले को ऊंचाई दी। हाल में ही इस बारे में जानकारी मिली। तहसील के पास यह मामला पहुंचा। इसमें बताया गया कि बैंकिंग संस्था ने शिकायत की है कि संबंधित लोगों ने जो जमीन बंधक बनाने के लिए प्रस्तुत की, वह रिकार्ड में सरकारी है। परीक्षण के बाद इसे संज्ञान में लिया गया। तहसीलदार ने चौकी में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जिस पर अपराध रजिस्टर किया गया है। कोरबी पुलिस ने प्रकरण कायम करने के साथ आगे की जांच शुरू की है। आरोपियों की तलाश करने का काम शुरू किया गया है।
0 ऋण पुस्तिका बनने पर उठे सवाल
अचल संपत्ति की खरीद-बिक्री के साथ-साथ अन्य प्रक्रियाओं को काफी जटिल किया गया है। इस पर भी लोगों को काफी चक्कर लगाने होते हैं। इन सबके बावजूद घुंचापुर लालपुर की सरकारी जमीन को अपने खाते में दिखाना और इसके लिए ऋण पुस्तिका बनवाने का मतलब साफ है कि संबंधित लोगों ने पटवारी और अन्य स्तर पर मजबूत गठजोड़ किया। इसके बाद आगे की योजना बनाते हुए बैंक से लोन लेने का काम पूरा किया। ऋण पुस्तिका बनने पर सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि आखिर संबंधित हल्का क्षेत्र के पटवारी और उपर के लोगों को प्रश्रय कहां से मिला हुआ है। संभव है कि आगे की जांच इस स्तर पर बढ़ सकती है।



