Vedant Samachar

NHM Employee Strike News Today: NHM कर्मियों के हड़ताल को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, रात 11:30 बजे आया स्वास्थ्य सचिव का आदेश, खाली पदों पर तत्काल भर्ती के निर्देश

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर:  छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर अब सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने सभी जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे हैं उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।

कटारिया ने यह निर्देश गुरुवार रात साढ़े 11 बजे व्हॉट्सएप के विभिन्न आधिकारिक ग्रुपों में मैसेज के माध्यम से दिए। उन्होंने कहा कि सभी CMHO शुक्रवार तक खाली पदों की सूची तैयार करें और उसे अपडेट करें, ताकि तुरंत प्रभाव से नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जा सके। बता दें कि NHM के 16 हजार से अधिक कर्मचारी बीते एक माह से हड़ताल पर हैं। वे नियमितीकरण सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं।

कर्मचारियों के लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं लौटने के चलते स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा है। अब सचिव कटारिया द्वारा दिए गए निर्देशों से साफ है कि सरकार हड़ताल को लेकर अब और समय नहीं देना चाहती। प्रशासन ने संकेत दिया है कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटेंगे उनकी जगह नई नियुक्तियां की जाएंगी। स्थिति को देखते हुए अब यह देखना होगा कि क्या हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहते हैं या सरकार की सख्ती के बाद वापसी करते हैं।

Share This Article