Vedant Samachar

कोरबा में रक्तदान शिविर: 50 यूनिट रक्त संग्रहीत, जीवन बचाने का संकल्प

Vedant samachar
1 Min Read

कोरबा। एमजेएम हॉस्पिटल, टीपी नगर में बुधवार 10 सितंबर 2025 को आयोजित रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रहीत किया गया। यह शिविर बीएनआई बिलियोनायर्स के सहयोग से आयोजित किया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में दाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

रक्तदान करने पहुंचे युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने इसे ‘जीवन बचाने का सबसे बड़ा संकल्प’ बताते हुए दूसरों को भी इस दिशा में आगे आने की अपील की। एमजेएम हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. प्रिंस जैन ने कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो जरूरत पड़ने पर किसी की जान बचा सकता है। हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बीएनआई बिलियोनायर्स के सदस्यों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई और इसे आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की घोषणा की। स्थानीय नागरिकों ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा और मानवता की भावना को और मजबूत बनाते हैं।

Share This Article