रायपुर, 09 सितम्बर (वेदांत समाचार)। मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन विजयी हुए और भारत के 17वें उप राष्ट्रपति चुने गए। उन्हें प्रथम वरीयता में 452 वोट मिले, जबकि विपक्ष के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीपी राधाकृष्णन को भारत का उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक प्रभावशाली नेता और कुशल प्रशासक के रूप में सीपी राधाकृष्णन ने समाज की जड़ों से उठकर राष्ट्र के उच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने का गौरव अर्जित किया है। उनका यह सफर लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त मिसाल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीपी राधाकृष्णन का दूरदर्शी नेतृत्व और गहरा प्रशासनिक अनुभव न्याय, समानता और विकास के मूल्यों को नई ऊँचाइयों पर स्थापित करेगा। वंचित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के उत्थान के प्रति उनकी निष्ठा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय प्रगति को और सुदृढ़ बनाएगी।
माननीय श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी को भारत के उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
एक प्रभावशाली नेता और कुशल प्रशासक के रूप में, आपने समाज की जड़ों से उठकर राष्ट्र के उच्चतम संवैधानिक पद तक पहुँचने का गौरव प्राप्त किया है, आपका यह सफर लोकतांत्रिक मूल्यों की… pic.twitter.com/eVWSsgX6Cs— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) September 9, 2025
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सफलता सीपी राधाकृष्णन के विश्वास, कड़ी मेहनत और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम है, जो पूरे देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से सीपी राधाकृष्णन को पुनः शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।



