कोरबा,05 सितम्बर (वेदांत समाचार)। जिले में मरकजी सीरत कमेटी के तत्वाधान में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस मोहम्मदी का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पैगंबर इस्लाम हज़रत मुहम्मद साहब सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के पैदाइशी दिन के उपलक्ष्य में किया गया था, जो इस बार 1500 साल पूरे होने के अवसर पर विशेष रूप से मनाया गया।

जुलूस की शुरुआत सुबह 9:00 बजे बुधवारी स्थित नूरी मस्जिद से हुई और एसइसीएल कॉलोनी मस्जिद मुड़ापार होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर मदरसा गौसिया पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर अपनी श्रद्धा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
जुलूस के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा अनुसार लंगर, शरबत, बिस्किट और चाय-नाश्ते का इंतजाम किया था। छोटे-छोटे बच्चे और युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बनता था।
जुलूस पुरानी बस्ती स्थित मदीना मस्जिद पहुंचा, जहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर किछौछा शरीफ उत्तर प्रदेश से आए सरकारे कलां के साहबजादे हजरत अल्लामा मौलाना हसन अशरफ साहब ने जुलूस में शामिल होकर अपनी गरिमा और उपस्थिति का प्रदर्शन किया।

मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ बेग और मोहम्मद मोहसिन मेमन ने जुलूस में शामिल सभी हाजरात का शुक्रिया अदा किया है और निगम प्रशासन, शासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।



