Vedant Samachar

CG BREAKING : फौजी की पत्नी की मौत से पहले की कॉल रिकॉर्डिंग, पति की गर्लफ्रेंड से हुई थी लड़ाई, मायके वाले बोले- बेटी को मारकर टांग दिया

Vedant samachar
5 Min Read

दुर्ग, 31 अगस्त (वेदांत समाचार) I जिले में एक आर्मी जवान की पत्नी ने गुरुवार को बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के कारण जान दी है। सुसाइड से पहले महिला ने अपने मायके वालों को ऑडियो भेजी थी। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। ऑडियो में आर्मी जवान और उसकी पत्नी और एक दूसरी महिला कॉन्फ्रेंस कॉल में हैं, जिसमें महिला आर्मी जवान की पत्नी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रही है। वह कह रही है कि देख लूंगी, मार दूंगी।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम प्रीति सिंह है। वहीं पति का नाम मुकेश सिंह है, जो राजस्थान के जैसलमेर में आर्मी में पदस्थ है। मृतिका के परिजनों का आरोप है कि जिस हालत में लाश मिली है, वह आत्महत्या नहीं है। मारकर टांगने की आशंका जताई है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, 28 अगस्त को प्रीति ने तीज का व्रत रखा और अपनी सास का आशीर्वाद लेने घर आई थी। इसी दौरान उसके पति की कथित प्रेमिका ने प्रीति की सास के साथ पूजा की। उसने व्हाट्सएप पर अपना स्टेटस डाल दिया। यह देखकर प्रीति को गहरा सदमा लगा। इसके बाद प्रीति ने उस महिला को कॉल किया। उसने अपने पति को भी कॉन्फ्रेंस कॉल में रखा। इस दौरान महिला ने प्रीति को गालियां दीं और धमकी दी। महिला ने कहा कि वह उसे देख लेगी और जान से मार देगी। इस दौरान प्रीति के पति ने उसका साथ देने के बजाय अपनी कथित प्रेमिका का पक्ष लिया।

परिजनों को भेजी कॉल रिकॉर्डिंग

प्रीति की बहन ने बताया कि बहस और अपमान से आहत होकर प्रीति ने कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी। रिकॉर्डिंग में साफ सुना जा सकता है कि महिला गाली दे रही थी और धमकियां दे रही थी। दीदी ने मैसेज भेजकर सबूत भी दिए थे, लेकिन कुछ देर बाद ही हमें सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली।

शादी के बाद से ही विवाद

प्रीति की बहन ने बताया कि प्रीति की शादी 2019 में बलिया निवासी मुकेश से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। मायके वालों का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों से ही पति का कई महिलाओं से अफेयर रहा। प्रीति ने कई बार ससुराल में शिकायत की, लेकिन उल्टा उसे ही मारपीट और गाली-गलौज झेलनी पड़ी।

पिता बोले- यह आत्महत्या नहीं

प्रीति के पिता ने कहा कि बेटी की मौत संदेहास्पद है। लाश देखकर आत्महत्या नहीं लग रही, इसकी गहन जांच होनी चाहिए। बेटी ने मरने से पहले सारे सबूत हमें भेजे थे। सास और बच्चे उसी वक्त घर पर थे। पुलिस को जांच करनी चाहिए, ताकि बेटी को न्याय मिले और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

पति बोला- अवैध संबंध की बात गलत, उसको शक की बीमारी थी

प्रीति के पति मुकेश सिंह ने कहा कि मां के फोन पर एक लेडी की फोटो देखकर वो गुस्सा हो गई थी। मेरा किसी के साथ कोई अवैध संबंध नहीं है। मैं फौज में हूं। 90 दिन की छुट्टी मिलती है। उसमें भी 30 या 60 दिनों की ही छुट्टी ले पाता हूं। मुकेश सिंह ने कहा कि प्रीति को शक की बीमारी थी। साइको टाइप का कुछ प्रॉब्लम थी। उनके परिजनों को अगर हत्या की आशंका है तो इसमें तहकीकात होनी चाहिए। मैं भी चाहता हूं की तहकीकात हो। मैं हर चीज के लिए तैयार हूं।प्रीति के पिता राकेश सिंह का कहना है कि हमने बेटी की शादी में 40 लाख खर्च किए थे, लेकिन दामाद के चाल-चलन को लेकर बेटी हमेशा तनाव में रही। तीज के दिन भी बेटी ने कहा कि दूसरी महिला गाली दे रही है और धमका रही है।

पुलिस बोली-हर एंगल से जांच की जा रही है

मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला ने कमरे में फांसी लगाई थी। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनों और ससुराल वालों के बयान लिए जा रहे हैं। हर एंगल से जांच की जा रही है।

Share This Article