Vedant Samachar

बिलासपुर यातायात पुलिस की महत्वपूर्ण बैठक: सड़क हादसों में कमी लाने के लिए वाहन चालकों को दिए गए निर्देश

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,25अगस्त (वेदांत समाचार) : बिलासपुर यातायात पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा निर्देश पर जिले के रजिस्टर्ड भारी वाहन चालकों की आवश्यक बैठक आयोजित की। इस बैठक में सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वाहन चालकों को नशे में वाहन न चलाने, तेजी और लापरवाही से बचने, रात्रि में नींद पूरी करके वाहन चलाने, सड़कों पर विश्राम के दौरान मुख्य मार्ग पर वाहन न खड़ी करने, और वाहनों के ब्रेकडाउन होने पर रिफ्लेक्टर कोन लगाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, वाहन चालकों को वाहनों के दस्तावेज साथ रखने, क्षमता से अधिक भार न ले जाने, पुलिस की चेकिंग में सहयोग करने, निर्धारित गति से अधिक गति में वाहन न चलाने, और ओवरटेकिंग से बचने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिले के वाहन चालकों को “यातायात मितान” के रूप में दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में अतिसतर्कता बरतने और दुर्घटना होने पर शीघ्र सहायता प्रदान करने के संबंध में अवगत कराया गया। साथ ही, दुर्घटना के दौरान जिले के चिन्हित हॉस्पिटलों में पहुंचाने में सहयोग प्रदान करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

मोटरयान अधिनियम 1988 और छत्तीसगढ़ मोटर यान अधिनियम 1994 के प्रावधानों के अनुसार, वाहन चालकों को आईडी कार्ड और निर्धारित ड्रेस कोड धारण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, वाहन चालकों को नेम प्लेट और नंबर धारण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संघ के पदाधिकारीगण उपस्थित हुए और उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर शक्ति से चालानी कार्यवाही की जानी चाहिए ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Share This Article