Vedant Samachar

Accident News:तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो भाईयों को टक्कर मार दी…

Vedant Samachar
3 Min Read

बिलासपुर,21अगस्त (वेदांत समाचार) । जिले में अलग-अलग हादसों में तेज रफ्तार वाहन ने 3 लोगों की जान ले ली। पहली घटना में बस ने बाइक सवार दो भाईयों को टक्कर मार दी। जिससे एक भाई की मौत हो गई और दूसरा घायल है। वहीं, नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। तीसरी घटना में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना कोटा, रतनपुर और कोनी थाना क्षेत्र की है।

तखतपुर क्षेत्र के ग्राम साल्हेडबरी निवासी भविष्य राज (19) और उसका चचेरा भाई यश कुमार राज बुधवार को बाइक से बहन के घर ग्राम पीपरखुटी जा रहे थे। दोनों कोटा-लोरमी रोड पर ग्राम लटिया के पास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पानी पीने के लिए सड़क किनारे बाइक रोकी। तभी कोटा तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे भविष्य राज और उसका भाई यश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस के 112 को दी। तत्काल, दोनों को कोटा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने भविष्य राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल यश कुमार राज को बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रतनपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे-130 पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जूना बिलासपुर निवासी लक्ष्मी चंद्र देवांगन बुधवार को स्कूटी में रतनपुर गया था। कोनी पुलिस के अनुसार, सकरी क्षेत्र के ग्लोबल सिटी निवासी नंद कुमार कोशले (26) पिता कुवंर कोशले बाइक पर सवार होकर किसी काम से सेंदरी गया था। जहां से वो वापस आ रहा था। अभी वो सेंदरी स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे नंदकुमार के सिर पर गंभीर चोंट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।

Share This Article