दंतेवाड़ा,20अगस्त (वेदांत समाचार) । जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज बारसूर नगर पंचायत अन्तर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यो का औचक निरीक्षण करते हुए कार्यो की वर्तमान प्रगति गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर निर्माण पूर्ण करने की दिशा में किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की। इसके साथ ही कलेक्टर ने बारसूर में ही बारसूर जलाशय के समीप बनाये जा रहे ’’जिप लाईन’’ निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इस ऐतिहासिक तालाब के पर बनाए जा रहे ’’जिप लाईन’’ निर्माण से पर्यटक टावर के माध्यम से इस जलाशय के विहंगम दृश्य का आनंद ले सकेगें। इसके अलावा यहां पर प्रशासन द्वारा वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स सुविधाएं भी विकसित की जा रही है। और बारसूर जलाशय में पर्यटकों हेतु बोट सुविधा भी उपलब्ध होगी। जिससे यहां न केवल भ्रमण उद्देश्य से लोगों की आवाजाही में बढ़ोत्तरी होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध होंगे।
कलेक्टर ने यहां बच्चों के लिए प्ले एरिया, गार्डन, एवं चौपाटी का निर्माण की जाने की भी बात कही साथ ही इसके संचालन हेतु स्व सहायता समूह की महिलाओं को तैयार किए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने सातधार मार्ग स्थित पर्यटक ’’काटेज निर्माण’’ कार्य का भी मुआयना कर इसकी समय सीमा निर्धारित किया। इस मौके अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।



