गरियाबंद, 27 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आज जिलेभर में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिले के 24 परीक्षा केन्द्रों में सुबह से ही परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया है। इस परीक्षा में कुल 5748 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक निर्धारित है।
प्रवेश सुबह 9 बजे से शुरू, सख्त नियमों के साथ जांच प्रक्रिया
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पहले यानि सुबह 9 बजे तक परीक्षा केन्द्रों में पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि फ्रिस्किंग, पहचान पत्र सत्यापन और अन्य सुरक्षा जांच समय पर की जा सके। परीक्षा शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले यानी 10.30 बजे परीक्षा केन्द्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नकल रोकने जैमर और मेटल डिटेक्टर की तैनाती
सभी केन्द्रों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा जैमर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक नकल को रोका जा सके। साथ ही, सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। हर केन्द्र में एक-एक कर्मचारी विशेष रूप से जैमर निगरानी में तैनात हैं।
ड्रेस कोड का सख्ती से पालन, कई परीक्षार्थी लौटाए गए
परीक्षा के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया है। जूते प्रतिबंधित हैं, केवल चप्पलों की अनुमति है। महिला परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है। आज सुबह कुछ परीक्षार्थी गलती से फुल आस्तीन की कमीज या कान में ज्वेलरी पहनकर परीक्षा केन्द्र पहुंच गए, जिन्हें केंद्र में प्रवेश से पहले समझाइश दी गई और वापस भेजा गया ताकि वे नियम अनुसार कपड़े बदलकर दोबारा आ सकें। परीक्षा दल और प्रशासन की टीम हर परीक्षार्थी पर बारीकी से निगरानी रख रही है।
जिला प्रशासन और पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था
जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। उड़नदस्ता दल लगातार केन्द्रों की निगरानी कर रहा है। किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए सभी केन्द्रों पर संचार उपकरण व अन्य अनुचित साधनों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
साफ निर्देश, स्पष्ट चेतावनी
परीक्षा अधिकारियों ने बताया कि प्रवेश पत्र में सभी निर्देश पहले से साफ-साफ लिखे गए थे। बावजूद इसके कई परीक्षार्थी नियमों की अनदेखी करते हुए पहुंचे, जिन्हें मौके पर जागरूक किया गया और सुधार का मौका दिया गया। फिलहाल परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी जा रही है और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलमुक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है।



