Vedant Samachar

Breaking News : हंसी-मजाक में 2 लोगों के बीच विवाद छठी कार्यक्रम के दौरान युवक ने तलवार से पड़ोसी का गला काटा…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,06जुलाई (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में छठी कार्यक्रम के दौरान युवक ने तलवार से पड़ोसी का गला काट दिया। ग्राम तुरेकेला खड़ियापारा ​​​​​​में 3 जुलाई को संपत खड़िया के बच्चे की छठी मनाई जा रही थी। इस दौरान अर्जुन खड़िया (26) और एक अन्य युवक के बीच हंसी-मजाक में विवाद हो गया। कार्यक्रम में मौजूद पड़ोसी केंदाराम खड़िया (65) विवाद शांत कराने पहुंचा। गुस्से में आकर अर्जुन खड़िया तलवार लेकर आया और बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, लोगों ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया था, लेकिन बुजुर्ग जैसे ही बाथरुम गया तो युवक ने उस पर पीछे से वार कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मृतक केंदाराम ग्राम तुरेकेला खड़ियापारा का रहने वाला था। उसकी बेटी सुकवारा बाई खड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटी ने बताया कि 3 जुलाई को उनके घर के पास रहने वाले संपत खड़िया के घर छठी कार्यक्रम था। जिसमें गांव के कई लोग शामिल हुए थे।

इसी दौरान रात में अर्जुन खड़िया और जगन्नाथ खड़िया के बीच हंसी-मजाक में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कार्यक्रम में मौजूद उसके पिता केंदाराम खड़िया समेत जवाहर खड़िया, जीवन खड़िया और अन्य ग्रामीणों ने दोनों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया। तब अर्जुन खड़िया गुस्से में वहां से चला गया। लेकिन कुछ देर बाद अर्जुन तलवार लेकर फिर लौटा।

तलवार लहराकर वह लोगों को डराने-धमकाने लगा। इस दौरान भी केंदाराम ने उसे समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पीछे से आकर अर्जुन ने बुजुर्ग गले में तलवार से जोरदार वार कर दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी अर्जुन मौके से भाग गया था। सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी। जहां आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया गया। जानकारी के मुताबिक आरोपी रोजी-मजदूरी का काम करता है। मृतक के घर के पास ही उसका मकान है।


पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Share This Article