Vedant Samachar

CG NEWS : घरों में घुटनों तक पानी, लोग बचाव का करते रहे इंतजाम…

Vedant Samachar
4 Min Read

रायगढ़,03जुलाई (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रात से गरज के साथ तेज बारिश शुरू हुई। सुबह तक शहर के कई मोहल्ले जलमग्न हो चुके थे। लोगों के घरों में पानी घुस रहा था, तो पानी की वजह से अंडर ग्राउंड पुल में नाले का पानी भरा हुआ था। शहर में पिछले दो दिनों से मौसम पूरी तरह बदला हुआ था। रूक-रूक कर बारिश हो रही थी और बुधवार की देर रात गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।

सुबह शहर के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई और मोहल्लों में पानी भरना शुरू हो गया। केलो विहार रोड मां विहार क्षेत्र, छोटे अतरमुड़ा, विनोबा नगर, मोदी नगर, गुजराती पारा पैठू डबरी क्षेत्र, रामनिवास टाकीज रोड समेत अन्य मोहल्लों में पानी घुस चुका था। मौदहापारा क्षेत्र के रेलवे के अंडर ग्राउंड पुल में घुटनों तक नाले का पानी भरा था और उस रास्ते मे लोगों ने आना-जाना बंद कर दिया था। ताकि कोई हादसा न हो। दोपहर करीब 12 बजे के बाद पानी बंद हुआ, तब पानी धीरे धीरे उतरने लगा और लोगों ने राहत की सांस ली।

हर साल की तरह इस बार भी मोदी नगर मोहल्लों मे पानी भर गया था। यहां बिल्डिंग के नीचे कई घरों में घुटनों तक पानी भरा हुआ था और क्षेत्रवासी परेशान हो रहे थे। इससे कई सामान भी लोगों के पानी के कारण खराब हुए और रास्ते में पूरा पानी भरा हुआ था। प्रतिमा शर्मा ने बताया कि ये मोदी नगर है। बारिश अभी तोड़ा कम हुआ है। सुबह जब नाला भरने लगा था, तो हमे डर होने लगा था। घर के अंदर घुटनों से उपर पानी भर गया था। काॅलोनी में नीचे जिनका भी घर है। सब के घर में पानी घुसा है और नुकसान भी हुआ है।

पार्षद आए थे। अभी घरों में सफाई चल रही है। रेखा अग्रवाल ने बताया कि मोदी नगर में 5-6 घंटे से पानी भरा हुआ है। घर के अंदर और अलमारी में पानी घुस गया। पूरे काॅलोनी में पानी भरा हुआ है। अभी तक कोई नहीं आए बस पार्षद आयी थी। हर साल ऐसी परेशानी होती है। पीछे भी साफ-सफाई नहीं होती है। नगर निगम उपायुक्त सुतीक्षण यादव ने बताया कि निगम द्वारा सभी वार्डों मे नालियों की सफाई कराया गया था। कोई नाले जाम नहीं है। जरूर बारिश अधिक होने से 4-5 वार्ड प्रभावित हुए थे। उसमें हमारी टीम लगी हुई थी।

अभी सभी जगह पानी निकल चुके हैं। यदि कहीं जलभराव की स्थिति मिलती है तो तत्काल हमारी टीम वहां जा रही है। मोदी नगर मे एक दो घर मे पानी घुसा था। अभी हमारी टीम वहां है। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि नगर निगम अधिकारी कर्मचारी व सफाई अमले सहित 200 से अधिक लोगों को टीमों में बांटकर काम किया जा रहा है। जेसीबी और पोकलेन भी लगाई गई है। शहर में वार्ड नंबर 19, 21, 22, भगवानपुर समेत अन्य दूसरे इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था के लिए टीमें काम कर रही है। जिससे जल भराव की समस्या को दूर किया जा सके। कलेक्टर ने आगामी मानसून में बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा से बचाव व राहत व्यवस्था के लिए डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी, राहत एवं आपदा शाखा रेखा चन्द्रा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही नगरीय तथा ग्रामीण स्तर पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।

Share This Article