कोरबा में युक्ति युक्तकरण के तहत प्रभावित शिक्षकों के अभ्यावेदन का निराकरण
कोरबा,02 जुलाई 2025: कोरबा जिले में युक्ति युक्तकरण के तहत प्रभावित शिक्षकों के अभ्यावेदन का निराकरण कर दिया गया है। जिला युक्ति युक्तकरण समिति द्वारा 105 प्रकरणों की सुनवाई की गई और 65 प्रकरणों का निराकरण कर आदेश जारी किया गया है ।
जिला युक्ति युक्तकरण समिति के द्वारा अभ्यावेदन के निराकरण के पश्चात सभी शिक्षकों को आदेशित किया गया है कि अगले 3 कार्य दिवस के भीतर वे अपने नवीन पदांकित स्थान पर कार्यभार ग्रहण करें। कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
कोरबा जिले में युक्ति युक्तकरण के तहत 305 प्राथमिक शाला के शिक्षक, 151 माध्यमिक शाला के शिक्षक और 74 हाई स्कूल और हायर सेकंडरी के व्याख्याता अतिशेष पाए गए थे। इन शिक्षकों को काउंसिलिंग के माध्यम से नए स्थानों पर पदांकित किया गया था। लेकिन कुछ शिक्षकों ने युक्ति युक्तकरण की प्रक्रिया से असंतुष्ट होकर माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर छत्तीसगढ़ में याचिका दायर की थी।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार जिला युक्ति युक्तकरण समिति द्वारा इन शिक्षकों के अभ्यावेदन की सुनवाई की गई और उनके प्रकरणों का निराकरण किया गया है।



