रायपुर,29जून 2025(वेदांत समाचार) : राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एक ही बैंक के एटीएम बूथ में आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं हुईं। इसमें ग्राहकों के रुपए फंसाकर चुराने की वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आशंका है कि राजस्थान का गैंग यहां आया और एक लाख रुपए से ज्यादा एटीएम से उड़ाकर निकल गया।
पुलिस के अनुसार, आमानाका थाने में आईडीबीआई बैंक की ब्रांच मैनेजर अमृता मीढ़ा ने छह एकाउंट धारकों की रकम धोखाधड़ी करके निकाल लिए जाने की सूचना दी है। पुलिस ने धारा 305 331(4) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रांच के एटीएम में छेड़छाड़ करके रुपए निकाले गए हैं।
23 जून को कई ग्राहकों ने बैंक को सूचना दी कि 20 और 21 जून को वे पैसा निकालने एटीएम बूथ में गए। उनके रुपए नहीं निकले, लेकिन पैसा खाते से कट गया। बैंक की ओर से एटीएम की जांच कराई गई और सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग चेक करने पर मशीन के साथ एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़खानी करने का पता चला। दरअसल, नोट के एटीएम से बाहर निकलने वाली जगह पर कोई चीज चिपका दिए जाने पर नोट भीतर ही फंस रहे थे और ग्राहकों को लग रहा था कि कोई तकनीकी खराबी होने के कारण रुपए नहीं निकले। एकाउंट से कटे पैसे जब वापस नहीं आए, तब ग्राहक बैंक में पहुंचे। तब खुलासा हुआ।



