Vedant Samachar

CG News : सक्ती का पिला राजमहल बना रणभूमि, मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

सक्ती,28जून(वेदांत समाचार)। एक समय शाही वैभव का प्रतीक रहा सक्ती का पिला राजमहल अब पारिवारिक कलह का मैदान बन चुका है। बुधवार को राजमहल में अचानक हुई हिंसक झड़प की चर्चा पूरे प्रदेश में हैं। मिली जानकारी के अनुसार रियासत की रानी शिल्पा सिंह और दो कर्मचारियों पर लाठी-तलवार से लैस गुंडों ने हमला कर दिया।

न केवल उनके कक्ष में तोड़फोड़ की गई, बल्कि जानलेवा मारपीट भी हुई, जिसमें रानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय महल में रानी शिल्पा सिंह अकेली थीं। राजा धर्मेंद्र सिंह पहले से जेल में हैं, और यही मौका पाकर बुधवार शाम करीब 4 बजे कथित रूप से बड़ी रानी अपने समर्थकों के साथ महल में दाखिल हुईं। बताया जा रहा है कि राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के निधन के बाद से संपत्ति को लेकर राजपरिवार में तनाव लगातार बना हुआ है, जो इस दिन हिंसा में तब्दील हो गया।

हमलावरों की इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही राजा धर्मेंद्र सिंह के समर्थक भी महल पहुंचे और दोनों गुटों के बीच तीखी झड़प हुई। हिंसा में दो और लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और छह हमलावरों को हिरासत में ले लिया। लेकिन अभी भी कई आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस को मौके से लाठी, तलवार और बंदूक के खाली कारतूस बरामद हुए हैं, जो इस हमले की पूर्व-नियोजित प्रकृति को दर्शाते हैं। यह पूरी वारदात पुलिस स्टेशन से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुई।

Share This Article