Vedant Samachar

मुंगेली जिले में ई-ऑफिस प्रणाली का क्रियान्वयन शुरू

Vedant samachar
2 Min Read

मुंगेली, 28 जून (वेदांत समाचार)। प्रशासनिक कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुंगेली जिले में ई-ऑफिस प्रणाली का क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है. कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने एनआईसी कक्ष से ई-ऑफिस के जरिए पहली फाइल प्रेषित कर इस नई व्यवस्था की औपचारिक शुरुआत की.

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि ई-ऑफिस से अब सरकारी कामकाज और फाइलों की प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल और ट्रैक करने योग्य हो जाएगी. इससे फाइलों के गुम होने जैसी शिकायतें खत्म होंगी और हर दस्तावेज़ का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. उन्होंने कहा कि “ई-ऑफिस से पारदर्शिता, समय की बचत और फाइलों का त्वरित निपटारा संभव होगा. इसके साथ इसे शासन की मंशा के अनुरूप एक डिजिटल और सुगम शासन प्रणाली की दिशा में बड़ा कदम बताया.

कलेक्टर ने कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे ई-ऑफिस का नियमित, प्रभावी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करें ताकि इसका वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सके. यह कहा जा सकता है कि मुंगेली जिला भी ई-गवर्नेंस की ओर मजबूती से कदम बढ़ा चुका है. देखना होगा कि यह डिजिटल बदलाव प्रशासन की पारदर्शिता और गति में कितना बदलाव लाता है.

Share This Article