जांजगीर-चाम्पा, 22 जून (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चाम्पा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धाराशिव में दो पक्षों में मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी रंजिश को लेकर बातचीत गाली-गलौज में बदल गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के अभिषेक गोस्वामी के गर्दन में चोट लग गई, जिसे जिला अस्पताल जांजगीर में इलाज के लिए ले जाया गया।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा विजय कुमार पाण्डेय ने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल घटनास्थल का जायजा लिया और थाना प्रभारी पामगढ़ को आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने दोनों पक्षों के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दिग्विजय सिंह राठौर, चंद्रशेखर, सूरज यादव, देवेंद्र राठौर, राधेश्याम राठौर और अमन राठौर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



