बिलासपुर,22जून 2025(वेदांत समाचार) : बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में कृषि विभाग ने खाद दुकानों में छापेमारी की। छह दुकानों की जांच में एक्सपायरी कीटनाशक मिलने के बाद विभाग ने दो दुकानों में बिक्री पर रोक लगा दी है। किसानों की शिकायत पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उप संचालक कृषि पीडी हथेश्वर को जांच के निर्देश दिए थे। खरीफ फसल की बोआई के मौसम में किसान बीज-खाद खरीदने दुकानों पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान नकली खाद व बीज बिक्री की सूचना मिली थी। कृषि विभाग की टीम ने सकरी के कौशिक कृषि केंद्र, काठाकोनी, देव बोरवेल्स जोरापारा, ओम सांई ट्रेडर्स जरौंधा और किसान सेवा केंद्र तखतपुर की जांच की।
जांच में स्टॉक रजिस्टर गायब मिला। दुकानों में बिना रेट लिस्ट के सामान बेचा जा रहा था। सकरी और तखतपुर के कृषि केंद्र में एक्सपायरी दवाएं खुली बिक्री के लिए रखी मिलीं। विभाग ने इन दोनों दुकानों में कीटनाशक बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी। बाकी चार दुकानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डीएपी की कमी के बीच खाद की जमाखोरी और मिलावट की आशंका जताई जा रही है। दोनों ही दुकान में स्टाक पंजी तक नहीं था। इससे न केवल फसल बल्कि किसान की सेहत पर खतरा मंडराने की आशंका से मना नहीं किया जा सकता था। जांच टीम को अन्य दुकानों में भी स्टाक मिलान में गड़बड़ी, रसीदें गायब और अनियमित बिक्री देखने को मिली।

सकरी में कौशिक कृषि केन्द्र और तखतपुर के किसान सेवा केन्द्र में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी कीटनाशक, स्टाक रजिस्टर गायब व बिना रेट लिस्ट दुकानदारों ने नहीं लगाया था। ऐसी गंभीर गड़बड़ी पर कृषि विभाग ने इन दोनों प्रतिष्ठानों की खाद बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है और 7 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। डीएपी की कमी से कुछ दुकानों में जमाखोरी और विकल्प की लापरवाही देखने को भी मिली। विभाग ने सलाह दी है कि किसान यूरिया, एसएसपी, एनपीके और पोटाश जैसे वैकल्पिक उर्वरकों का समय पर उपयोग करें ताकि फसल उत्पादन प्रभावित न हो। जांच टीम को काठाकोनी में कौशिक कृषि केन्द्र, जोरापार देव बोरवेल्स और ओम सांई ट्रेडर्स, जरौंधा में रजिस्टर अधूरा, मूल्य सूची गायब और गोदाम का स्टाक उपलब्ध सामान से मेल नहीं खा रहा था। ऐसी अनियमितताएं मिलने पर, कृषि विभाग ने इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और चेतावनी दी है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा।



