कोरबा, 30 मार्च (वेदांत समाचार)। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुनवानी भैंसमा में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। हमले में किशोरी के गले पर गहरा वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों द्वारा तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में इस मामले में कुल 5 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें से 3 नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इन्हीं नाबालिग आरोपियों में से एक ने मुख्य रूप से किशोरी पर चाकू से हमला किया। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, जिसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
वहीं, इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
