Vedant Samachar

KORBA: जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुनी 106 आवेदनों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा, 30 मार्च 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए क्रमवार आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में बिजली बिल सुधार, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, तालाब मरम्मत, स्वास्थ्य सहायता, पीएम किसान सम्मान निधि, सीमांकन, कब्जा हटाने सहित अन्य समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने विशेष रूप से बिजली बिल सुधार से जुड़े मामलों पर ध्यान देते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार जिले में लगातार विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से आवेदन प्राप्त कर उनका परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। साथ ही, शिविरों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में आने वाले प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए समयसीमा में निराकरण किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनदर्शन कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article