रायगढ़,29 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के दो माह पूरे होने पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने अवैध शराब, गांजा और अफीम के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए करीब ₹4 करोड़ 50 लाख मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कुल 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब बरामद की गई। इनमें 139 मामलों में 149 आरोपियों को आबकारी एक्ट की अजमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। विशेष रूप से 2612 लीटर महुआ शराब की जब्ती कर सीमावर्ती ओडिशा से होने वाली तस्करी पर अंकुश लगाया गया।
वहीं गांजा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। उड़ीसा मार्ग से संचालित नेटवर्क पर प्रहार करते हुए 16 प्रकरणों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹25.50 लाख बताई जा रही है।
इसके अलावा अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए तमनार और लैलूंगा क्षेत्रों में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में 2963 किलो अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹4 करोड़ 18 लाख है।
पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त 24 वाहनों (21 दुपहिया और 3 चार पहिया) को भी जब्त किया है। कुल मिलाकर दो माह में 394 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी उनके मोबाइल नंबर 9479193200 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
