Vedant Samachar

3500 US सैनिक मिडिल ईस्ट पहुंचे, ईरानी मीडिया ने लिखा – ‘ नरक में स्वागत है, अब ताबूत में वापस जाओगे’

Vedant Samachar
10 Min Read

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन ,29 मार्च । ईरान के अंग्रेजी अखबार तेहरान टाइम्स ने शनिवार को अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सैनिकों ने ईरान की जमीन पर कदम रखा तो ताबूत में वापस लौटेंगे। अखबार ने अपने फ्रंट पेज पर लिखा- नरक में आपका स्वागत है।

दूसरी ओर 3,500 एक्स्ट्रा अमेरिकी सैनिक मिडिल ईस्ट पहुंचे हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार ये सैनिक USS त्रिपोली जहाज के जरिए वहां पहुंचे हैं।

ये सैनिक और नाविक 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट का हिस्सा हैं। उनके साथ ट्रांसपोर्ट और लड़ाकू विमान भी भेजे गए हैं।

पाकिस्तान में कल 3 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक

पाकिस्तान में कल तुर्किये, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। यहां वे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात करेंगे। इस्लामाबाद में होने वाली इस बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी।

पाकिस्तान में क्यों हो रही मीटिंग…

पाकिस्तान के ईरान और सऊदी अरब दोनों से बेहतर रिश्ते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसलिए पाकिस्तान को विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए बेहतर जगह माना जा रहा है। यह मीटिंग पहले तुर्किये में होनी थी, लेकिन बाद में इसे पाकिस्तान शिफ्ट कर दिया गया।

पाकिस्तान इस समय किसी एक पक्ष में सीधे शामिल नहीं है, इसलिए उसे न्यूट्रल जगह माना जा रहा है। उसके ईरान और सऊदी अरब दोनों से अच्छे रिश्ते हैं, इसलिए बातचीत आसान है। तुर्किये और मिस्र जैसे देशों के साथ भी पाकिस्तान के संबंध ठीक हैं।

ईरान ने कुर्द क्षेत्र के राष्ट्रपति के घर पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र के राष्ट्रपति नेचिरवन बारजानी के घर पर हुए ड्रोन हमले की कड़ी निंदा की है। यह हमला दुहोक शहर में हुआ।

प्रेस टीवी के मुताबिक, IRGC ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है। उसने इसे हत्या की कोशिश बताया है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

ईरान का दावा- MQ-9 ड्रोन और F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया

ईरान के प्रेस टीवी के अनुसार, शनिवार को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजराइल और अन्य जगहों पर कई ठिकानों को निशाना बनाया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि IRGC ने मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल कर इजराइल से जुड़े कई ठिकानों पर हमला किया। ईरान ने यह भी दावा किया कि उसने एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को मार गिराया और एक F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया।

वहीं, ईरानी सेना ने हाइफा शहर में स्थित इजराइली रक्षा तकनीक कंपनी एल्टा के इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और रडार सेंटर को निशाना बनाया। इसके अलावा, डेविड बेन गुरियन एयरपोर्ट पर बने फ्यूल स्टोरेज सेंटर पर भी हमला किया गया।

ईरान का दावा- दुबई में अमेरिकी सेना के दो ठिकानों पर हमला किया

ईरान ने दावा किया है कि उसने दुबई में अमेरिकी सेना के दो छिपे ठिकानों पर हमला किया है। ईरानी सरकारी मीडिया फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हजरत खातम अल-अनबिया मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि पहले हुए हमलों के बाद अमेरिकी सैनिक इन जगहों पर शिफ्ट हुए थे।

प्रवक्ता के अनुसार, इन दोनों जगहों पर 500 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक मौजूद थे। एक जगह पर करीब 400 और दूसरे पर करीब 100 सैनिक। उन्होंने दावा किया कि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने इन ठिकानों की पहचान कर सटीक मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे भारी नुकसान हुआ।

प्रवक्ता ने आगे चेतावनी दी कि यह क्षेत्र अमेरिकी सैनिकों के लिए कब्रिस्तान बन सकता है और आखिर में अमेरिकी नेतृत्व को पीछे हटना पड़ेगा।

इजराइल ने ईरानी मिसाइल को हवा में ही रोका
इजराइली मीडिया के मुताबिक, सेना ने ईरान से दागी गई एक मिसाइल को बीच रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर दिया।

इस हमले के दौरान दक्षिणी इजराइल के नेगेव और डेड सी इलाके में सायरन बजने लगे, जिससे लोगों को हमले की चेतावनी दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, मिसाइल हमले के बाद तुरंत सुरक्षा सिस्टम सक्रिय हो गया और सेना ने उसे हवा में ही मार गिराया। फिलहाल किसी नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है।

ईरानी राष्ट्रपति खाड़ी देशों से बोले- अमेरिका और इजराइल का साथ न दें
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजश्कियान ने शनिवार को खाड़ी देशों को चेतावनी दी कि वे अमेरिका और इजराइल का किसी भी सैन्य कार्रवाई में साथ न दें। उन्होंने कहा कि अगर ये देश क्षेत्र में स्थिरता और विकास चाहते हैं, तो अपनी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों के लिए न होने दें।

उन्होंने कहा, “हम कई बार कह चुके हैं कि ईरान पहले हमला नहीं करता, लेकिन अगर हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर या आर्थिक केंद्रों पर हमला हुआ, तो हम जोरदार जवाब देंगे।”

उन्होंने क्षेत्र के देशों से कहा, “अगर आप विकास और सुरक्षा चाहते हैं, तो हमारे दुश्मनों को अपनी जमीन से युद्ध चलाने की इजाजत न दें।”

ईरानी मीडिया ने अमेरिकी सैनिकों को वापस लौटने की चेतावनी दी
ईरान के अंग्रेजी अखबार तेहरान टाइम्स ने शनिवार को अमेरिका को साफ चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सैनिकों ने ईरान की जमीन पर कदम रखा तो ताबूत में वापस लौटेंगे। अखबार ने अपने फ्रंट पेज पर “Welcome To Hell” (नरक में आपका स्वागत है) जैसी हेडलाइन के साथ यह संदेश दिया।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिका ने 3500 एक्स्ट्रा सैनिक मिडिल ईस्ट में भेजे हैं।

कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को कई ड्रोन हमले किए गए, जिससे एयरपोर्ट के रडार सिस्टम को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि इन हमलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे पहले बुधवार को भी एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला हुआ था, जिसके बाद फ्यूल टैंकों में आग लग गई थी। कुवैत की फायर ब्रिगेड ने बताया कि करीब 58 घंटे तक लगातार चले ऑपरेशन के बाद इस आग पर काबू पा लिया गया।

इजराइली हमले में लेबनान में 3 पत्रकारों की मौत
लेबनान में शनिवार को इजराइल के हवाई हमले में तीन पत्रकारों की मौत हो गई। ये पत्रकार इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष की रिपोर्टिंग कर रहे थे।

हिजबुल्लाह के अल-मनार टीवी ने बताया कि उसके वरिष्ठ संवाददाता अली शुऐब इस हमले में मारे गए। इजराइली सेना ने कहा कि उसने शुऐब को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह हिजबुल्लाह के खुफिया ऑपरेटिव थे, हालांकि इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया गया। अली शुएइब एक प्रसिद्ध युद्ध संवाददाता थे और करीब 30 साल से दक्षिणी लेबनान से रिपोर्टिंग कर रहे थे। वहीं, बेरूत स्थित अल-मयादीन टीवी ने बताया कि रिपोर्टर फातिमा फतौनी और उनके भाई मोहम्मद, जो वीडियो पत्रकार थे, भी इसी हमले में मारे गए। हमले से ठीक पहले फातिमा लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं। हिजबुल्लाह के अल मनार टीवी के संवाददाता अली शुऐब रिपोर्टिंग के दौरान मारे गए।
अल मायादीन के पत्रकार जमाल अल-घराबी ने 28 मार्च को दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले में मारे गए।
इजराइल में जंग के खिलाफ प्रदर्शन
इजराइल के तेल अवीव में लोग जंग का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शन कर लोगों पर लाठीचार्ज किया।

ईरान के रिहायशी इलाके पर इजराइली हमला, 12 घायल
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इजराइल के हमलों ने राजधानी तेहरान के उत्तरी हिस्से और शहर के पश्चिमी हिस्से के एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों में 12 लोग जख्मी हुए हैं।

ईरान जंग के बीच इजराइल ने गाजा में हमला किया, 6 मौतें
ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच इजराइल गाजा और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों पर हमले जारी रखे हुए है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिणी खान यूनिस में दो पुलिस चौकियों पर इजराइली हवाई हमलों में 6 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्ची भी शामिल है।

Share This Article