Vedant Samachar

आपूर्ति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सीएम साय की सख्त नजर, उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

Vedant samachar
1 Min Read

रायपुर, 28 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्त रायपुर, कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

यह बैठक वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेष रूप से पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात के मद्देनजर आयोजित की गई, ताकि राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में रसोई गैस (एलपीजी), पेट्रोल, डीजल एवं उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री साय ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट उत्पन्न करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में खाद्य, उद्योग, कृषि, खनिज, परिवहन, तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share This Article