जांजगीर-चांपा, 28 मार्च 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैसो सेमरिया रोड पर एक युवक लोहे के कत्तानुमा धारदार हथियार के साथ राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। मामले की सूचना मुखबिर से मिलने पर थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर प्रजापति उर्फ कौवा (20 वर्ष), निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, राघवेंद्र लहरे एवं भुवनेश्वर पटेल का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
