Vedant Samachar

जांजगीर चांपा : नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक, कलेक्टर के सख्त निर्देश, 30 अप्रैल तक पूर्ण हों सभी लंबित पीएम आवास

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,27 मार्च (वदंत समाचार)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय निकायों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रस्तावों को शीघ्र तैयार कर राज्य शासन को भेजा जाए और स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा किया जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि 30 अप्रैल तक सभी लंबित आवास हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जांजगीर और चांपा नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसे जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा शत-प्रतिशत अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता सैनिकों के घर-घर कचरा संग्रहण कार्य में सहयोग करें और उनके कार्य के प्रति आभार व्यक्त करें। उन्होंने आकांक्षीय शौचालय, मिशन अमृत, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article