नई दिल्ली,25 मार्च : साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज में 32 साल के निक केली का डेब्यू हुआ. बल्ले से तो इस सीरीज के पहले 5 मुकाबलों में कुछ खास नहीं किया और सिर्फ 57 रन बनाए. लेकिन 5वें T20 इंटरनेशनल में एक ऐसा कैच पकड़ा कि देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गई. ये कैच ना तो बाउंड्री वाला था, ना ही दौड़ते हुए दोनों हाथों से लपकने वाला. हां, एक हाथ से पकड़ा गया जरूर था मगर अंदाज कुछ ऐसा था, जिसने उसे खास बना दिया.
निक केली ने किसका जबरदस्त कैच लपका?
32 साल के कीवी खिलाड़ी ने अपने T20 करियर के 5वें मैच में ये कैच साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज रूबीन हरमन का पकड़ा था. साउथ अफ्रीका की इनिंग का 16वां ओवर था. न्यूजीलैंड के गेंदबाज बेन सियर्स गेंदबाजी कर रहे थे. उनके इस ओवर की पहली गेंद बाएं हाथ के बल्लेबाज रूबीन हरमन के बल्ले को छूकर सीधा हवा में चली गई. निक केली दूर खड़े थे. उन्होंने गेंद के हवा में जाते ही दौड़ना शुरू कर दिया. और, जब लगा कि सिर्फ दौड़कर गेंद तक पहुंच नहीं बनाई जा सकती तो हवा में छलांग लगा दी और बीच मैदान बाएं हाथ से ऐसा कैच लपका कि सब दंग रह गए.
रूबीन हरमन 39 रन बनाकर हुए आउट
निक केली को इस कैच के लिए अपने साथी खिलाड़ियों से खूब वाहवाही मिली. उनके दमदार कैच की बदौलत ही खतरनाक दिख रहे रूबीन हरमन को आउट होकर डग आउट लौटना पड़ा. रूबीन हरमन जब आउट हुए वो 31 गेंदों पर 39 रन बनाकर खेल रहे थे. उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 49 रन की पार्टनरशिप में भी अपना योगदान दिया था.
डेब्यू T20I सीरीज में कैच पकड़कर छाए
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली अपनी डेब्यू T20 सीरीज में निक केली भले ही बल्लेबाजी को लेकर ना याद किए जाएं मगर सीरीज के खत्म होते होते जो ये कैच उन्होंने लपका है वो लोगों के जहन में जरूर रहेगा.
